1. Inhalt
  2. Navigation
  3. Weitere Inhalte
  4. Metanavigation
  5. Suche
  6. Choose from 30 Languages

दुनिया

गोवा के समुद्री तट की सफाई

गोवा इन दिनों अपने समुद्री तटों की सफाई में लगा है. बताया जा रहा है कि जहाज़ तेल का कचरा लगातार पानी में छोड़ देते हैं. इस कारण ये तेल धीरे धीरे किनारों पर जमा हो जाता है. गोवा पर्यटकों की पसंदीदा जगह है.

बुधवार को स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि गोवा में समुद्री किनारे की सफाई शुरू की जा रही है. अक्तूबर से मार्च तक गोवा में पर्यटकों का सीजन रहता है जिसके पहले वो गोवा को चकाचक बना देना चाहते हैं.

जहाज के तेल का कचरा गोवा के मशहूर तटों पर पहुंच रहा है और यहां अलकतरा जमा हो रहा है. समुद्री मामलों के जानकारों का कहना है कि जहाज़ तेल का कचरा समुद्र में डाल देते हैं और वो तारकोल के गोलों के रूप में किनारों पर जमा हो रहा है.

गोवा पर्यटन विभाग के निदेशक स्वप्निल नायक ने बताया कि अलकतरा गोवा के मशहूर समुद्री किनारे कालांगुटे, कोल्वा, कांडोलिम किनारों पर सोमवार से जमा हो रहा है. उन्होंने कहा कि यह पता नहीं लग पाया है कि क्या किसी एक ही जहाज ने सारा कचरा समुद्र में डाला है. भारतीय तट रक्षक इसकी जांच कर रहे हैं.

गोवा में हर साल 20 लाख पर्यटक घूमने आते हैं. गोवा आने वाले लोगों में सबसे ज्यादा इस्राएल और रूसी नागरिक हैं.

पर्यटन अधिकारी तारकोल के कारण चिंतित हैं. उन्हें लगता है कि इससे पर्यटन पर असर पड़ेगा. गोवा पर्यटन संघ के गौरीश धोंड का कहना है, "अभी सीजन शुरू होने में दो महीने हैं. अक्तूबर में में विमान आने शुरू होंगे. हमारे पास दो महीने का वक्त है."

गोवा पर्यटन को एक दो साल में काफी खराब समाचारों से दो चार होना पड़ा है. नशीली दवाओं के व्यापार और बढ़ते अपराधों की लगातार रिपोर्ट आ रही हैं. 2008 में एक ब्रिटिश लड़की की मौत हो गई थी. यह मामला अब भी अदालत में चल रहा है.

रिपोर्टः एजेंसियां/आभा एम

संपादनः ए जमाल

DW.DE

WWW Links

अन्य खबरें