चैंपियन्स लीग 16 मैच ऑफ में एक तरफ बार्सेलोना ने श्टुटगार्ट को 4-0 से रौंदा वहीं दूसरी ओर बौर्डो को ग्रीस ओलंपियाकोस के ख़िलाफ़ 2-0 से मिली जीत से चैपियन्स लीग की आगे की तस्वीर और साफ हो गयी है.
16 राउंड के मैचों में अपनी जीत दर्ज करने के बाद बार्सेलोना और बौर्डो दोनों का टूर्नामेंट में खेलना तय हो गया है. बार्सेलोना से मिली हार से श्टुटगार्ट की टीम चित पड़ी है. बायर्न म्यूनिख़ के साथ क्वार्टर फाइनल में खेलने की उनकी उम्मीद पर तो पानी फिरा ही साथ ही टीम का हौंसला भी टूट गया है.
दूसरे मुक़ाबले में बोर्डो ने ग्रीस की ओलंपियाकोस के ख़िलाफ एक बेहद रोमांचक मैच खेला जिसमें तीन खिलाड़ियों को खेल से बाहर भी निकाला गया. बोर्डो के स्ट्राइकर मोरुआने ने मैच के आख़िरी दो मिनटों में गोल करके खेल का रुख़ ही बदल दिया. ये पहली बार है कि चैंपियन लीग में एक साथ दो फ्रैंच टीमें खेलेंगी. साथ ही 22 सालों में ये पहली बार है कि बोर्डो चैंपियन लीग के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचा है.
टूर्नामेंट में दूसरी टीमें जो इनसे भिड़ेंगी उनमें मैंचेस्टर युनाइटेड, आर्सेनाल, लियॉं, बायर्न म्यूनिख़, इंटर मिलान और सीएसकेए मॉस्को शामिल हैं.
रिपोर्टः डॉयचे वेले7तनुश्री सचदेव
संपादनः आभा मोंढे