विवादित युवा सांसद वरुण गांधी बीजेपी के सचिव होंगे और मशहूर अदाकारा हेमा मालिनी पार्टी की उपाध्यक्ष. बीजेपी के तीन महीने पुराने अध्यक्ष ने अपनी नई टीम कुछ इसी तरह की बनाई है.
गडकरी की टीम में वसुंधरा राजे, रवि शंकर प्रसाद के साथ साथ पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी और विनय कटियार जैसे कट्टरपंथी नेताओं भी जगह दी गई है. बीजेपी अध्यक्ष बनते समय आरएसएस की पसंद कहे जाने वाले गडकरी ने संघ के नज़दीकी कई नेताओं को भी अहम पद दिए हैं. इनमें भगत सिंह कोश्यारी (उपाध्यक्ष), मुरलीधर राव (सचिव) और आरएसएस के मुखपत्र ऑर्गेनाइज़र के संपादक तरुण विजय (प्रवक्ता) शामिल हैं. बीजेपी ने अपने पुराने मुख्यमंत्रियों को नई टीम में शामिल कर लिया है. पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को भी सचिव बनाया गया है.
वरुण गांधी बने बीजेपी सचिव
गडकरी की टीम में पार्टी के अहम मुस्लिम चेहरे शाहनवाज़ हुसैन को पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया है. हालांकि उन्हें उपाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा थी. वहीं नजमा हेपतुल्लाह को उपाध्यक्ष बनाया गया है. मुख़्तार अब्बास नक़वी उपाध्यक्ष होंगे. वसुंधरा राजे और रविशंकर प्रसाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता होंगे. राजे को लोकसभा चुनावों में हार के बाद ज़बरदस्ती राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता के पद से हटाया गया था.
लोकसभा चु्नावों में अपने विवादास्पद बयानों के ज़रिए सुर्ख़ियों में रहने वाले वरुण गांधी को पार्टी के 15 नए सचिवों में जगह दी गई है. वहीं अब तक महासचिव की ज़िम्मेदारी संभाल रहे विनय कटियार को 11 उपाध्यक्षों में जगह दे दी गई.
लालकृष्ण आडवाणी के वफ़ादार समझे जाने वाले अनंत कुमार, विजय गोयल और थावरचंद गहलौत को महासचिव के पद पर बरक़रार रखा गया है. वहीं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, धर्मेंद्र प्रधान, नरेंद्र सिंह तोमर और जगत प्रकाश नंदा नए महासचिव होंगे. आरएसएस के नज़दीक़ी राम लाल (महासचिव), वी सतीश और सौदान सिंह (संयुक्त महासचिव-संगठन) को उनके पद पर बनाए रखा गया है.
रिपोर्टः एजेंसियां/ए कुमार
संपादनः ए जमाल