1. Inhalt
  2. Navigation
  3. Weitere Inhalte
  4. Metanavigation
  5. Suche
  6. Choose from 30 Languages

खेल

रज़्ज़ाक़ बनें कप्तानः अफ़रीदी

पाकिस्तान के हरफ़नमौला खिलाड़ी शाहिद अफ़रीदी की राय है कि अब्दुर रज़्ज़ाक़ को ट्वेन्टी 20 वर्ल्ड कप के लिए कप्तान बनाया जाना चाहिए. पीसीबी ने वर्ल्ड कप की टीम का एलान किया है लेकिन कप्तान तय नहीं किया है.

बेहतरीन रज़्ज़ाक़

हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने क्रिकेटरों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करते हुए दो मंझे हुए बल्लेबाज़ों पर अनिश्चितकाल के लिए प्रतिबंध लगा दिया, जबकि शाहिद अफ़रीदी सहित कुछ खिलाड़ियों पर जुर्माना ठोंका गया है. अफ़रीदी को ट्वेन्टी 20 वर्ल्ड कप की टीम में रखा गया है लेकिन उन्हें कप्तान बनाए जाने की संभावना बेहद कम है.

सूत्रों ने मुताबिक़ पीसीबी अध्यक्ष एजाज़ बट के सुझाव मांगे जाने पर अफ़रीदी ने कहा कि अब्दुर रज़्ज़ाक़ को कप्तान की ज़िम्मेदारी दी जानी चाहिए. पिछले साल पाकिस्तान ने ट्वेन्टी 20 वर्ल्ड कप जीता था और रज़्ज़ाक़ की उसमें अहम भूमिका थी.

अफ़रीदी की राय

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष एजाज़ बट ने हाल ही में अफ़रीदी से मुलाक़ात की थी. ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान गेंद चबाने के एक अनुशासनहीन मामले में शाहिद अफ़रीदी के ख़िलाफ़ कार्रवाई की गई है और उन्हें छह महीने तक निगरानी पर रखा गया है. आम तौर पर अफ़रीदी ही पाकिस्तान के ट्वेन्टी 20 कप्तान होते हैं.

बोर्ड अब भी अफ़रीदी को कप्तान बनाना चाहता है और बट ने उनसे पूछा है कि अगर सज़ा की वजह से बोर्ड उन्हें टी 20 वर्ल्ड कप के लिए कप्तान बनाने पर राज़ी नहीं होता है तो वह किसको कप्तान के तौर पर देखना चाहेंगे. इस पर अफ़रीदी ने रज़्ज़ाक़ का नाम लिया. पिछले साल यूनुस ख़ान की अगुवाई में पाकिस्तान ने क्रिकेट का ट्वेन्टी 20 वर्ल्ड कप जीता था. लेकिन यूनुस ने इसके बाद टी20 से संन्यास ले लिया था. इस साल का ट्वेन्टी 20 वर्ल्ड कप 30 अप्रैल से वेस्ट इंडीज़ में शुरू हो रहा है.

हाल में ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद पाकिस्तान के कुछ क्रिकेटरों पर अनुशासनहीनता, कुछ पर मैच फ़िक्सिंग और कुछ पर आपस में झगड़ा करने के आरोप लगे. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सात खिलाड़ियों को सज़ा सुनाई है, जिनमें चार कप्तान रह चुके हैं. ये हैं मोहम्मद यूसुफ़, यूनुस ख़ान, शाहिद अफ़रीदी और शोएब मलिक.

रिपोर्टः एजेंसियां/ए जमाल

अन्य खबरें