भारत के गृहसचिव जीके पिल्लई ने कहा है कि सप्ताहांत में संदिग्ध आतंकियों की गिरफ़्तारी भारत सरकार के लिए एक बड़ी सफलता है. सप्ताहांत में पुलिस ने महाराष्ट्र, मणिपुर, और गुजरात में संदिग्ध लोगों को धर दबोचा.
रविवार को महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधी पुलिस(एटीएस) ने अब्दुल लतीफ़ उर्फ़ गुड्डू को गिरफ़्तार किया तो गुजरात में एटीएस ने बशीर अहमद बाबा उर्फ़ पेप्सी बॉम्बर को आणंद में पकड़ा जबकि मणिपुर में कांगेलाई यावोल कुन्ना लुप(केवायकेएल) को सेना पकड़ा.
भारत के गृह सचिव जीके पिल्लई ने कहा, "इस सप्ताहांत में हमें तीन बड़ी सफलताएं मिली हैं. एक मामला महाराष्ट्र का जिसके बारे में महाराष्ट्र एटीएस ने बयान जारी किया है. दूसरा मामला गुजरात का है जहां हिजबुल मुजाहिदीन से संबंध होने के आरोप में एक को पकड़ा गया और मणिपुर में भी एक अहम गिरफ़्तारी हुई."
मुंबई पुलिस ने रविवार को दो लोगों को हमला करने की तैयारी के संदेह में गिरफ़्तार किया है. पुलिस का दावा है कि ये दोनों ओनएनजीसी सहित मुंबई में कई जगह हमला करने की योजना बना रहे थे. गुजरात में भी पुलिस ने कुछ को पकड़ा. पुलिस को संदेह है कि ये दोनों गिरफ़्तार लोग मुंबई में ऑइल एंड नैचरल गैस कॉर्प (ओएनजीसी) पर हमला करने की योजना बना रहे थे.
पुलिस का मानना है कि इन दोनों को पाकिस्तान से निर्देश दिए जा रहे थे. "हमें लगता है कि वे सीमा पार से निर्देश ले रहे थे कि कैसे तीन चार जगहों पर हमला करना है. मुंबई के आतंकवाद निरोधी सेल के अधिकारी विनेश अग्रवाल ने बताया कि इनसे पूछताछ की जा रही है.
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान अब्दुल लतीफ़ उर्फ़ गुड्डू(29) और रियाज़ अली(23) के तौर पर की गई है. इन्हें मुंबई के माटुंगा रेल्वे स्टेशन से गिरफ़्तार किया गया. आतंकवाद निरोधी दस्ते के प्रमुख केपी रघुवंशी ने बताया. "हमें जानकारी मिली है कि उनका लक्ष्य ओएनजीसी, ठक्कर मॉल, मंगलदास मार्केट थे. वे जल्द ही आतंकी हमला करने फ़िराक में थे और उनकी योजना थी कि इन जगहों पर आग लगाई जाए." ठक्कर मॉल बोरिवली में है जबकि मंगलदास मार्केट दक्षिणी मुंबई में है.
उधर गुजरात में भी आतंक निरोधी दस्ते ने कुछ व्यक्तियों को आतंकवादी होने के संदेह में गिरफ़्तार किया है. पुलिस का कहना है कि इनके संबंध प्रतिबंधित हिज़बुल मुजाहिदीन से है. एटीएस के प्रमुख अजय तोमर के हवाले से पीटीआई समाचार एजेंसी ने लिखा है कि "हमने कुछ लोगों को ग़ैरक़ानूनी गतिविधियों से जुड़े होने के कारण गिरफ़्तार किया है." हालांकि उन्होंने मामले में और जानकारी देने से इनकार किया.
मुंबई में फ़िलहाल आईपीएल के मैचेस चल रहे हैं और आईपीएल थ्री के दस से ज़्यादा मैच मुंबई में होने वाले हैं. इस लीग के शुरू होने से पहले भारत आने वाले खिलाड़ियों ने सुरक्षा पर सवाल उठाए थे.
रिपोर्टः एजेंसियां/आभा मोंढे
संपादनः एम गोपालकृष्णन