1. Inhalt
  2. Navigation
  3. Weitere Inhalte
  4. Metanavigation
  5. Suche
  6. Choose from 30 Languages

खेल

क्या फिर चैंपियन बनेंगे शूमाकर

जब खेल जगत में धुआंधार वापसी की बात आती है तो उदाहरणों की कमी नहीं पड़ती . सात बार चैंपियन रह चुके 41 साल के माइकल शूमाकर इस हफ़्ते बहरीन फ़ॉर्मूला वन ग्रां प्री में मर्सिडीज़ के साथ वापसी के लिए तैयार हैं.

माइकल शूमाकर को फ़ार्मूला वन का अब तक का सबसे बड़ा

सितारा समझा जाता है. जर्मनी के फ़र्राटा ड्राइवर शूमाकर हमेशा लाल लिबास में लाल रंग की फ़रारी के साथ ट्रैक पर नज़र आते रहे हैं. लेकिन इस बार वह फ़रारी नहीं, बल्कि मर्सिडीज़ की स्टीयरिंग थामे बहरीन में उतरने वाले हैं. सात बार फ़ार्मूला वन ख़िताब जीतने के बाद शूमाकर के पास कुछ और साबित करने को नहीं बचा था. ऐसे में उनकी वापसी ख़ुद उनके लिए भी बड़ी चुनौती होगी और उन्हें साबित करना होगा कि वह अब भी वही महान ड्राइवर शूमाकर हैं.

विश्व के करोड़ों फ़ार्मूला वन प्रेमी इस सितारे की वापसी का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे. माइकल शूमाकर वैसे तो वापसी की दौड़ में नए हैं लेकिन खेलों में वापसी का ट्रेंड काफ़ी पुराना है. आज तक कई खिलाड़ियों ने अपने अपने खेलों से दूर रह कर, वापसी के नए मुकाम हासिल किए हैं.आइए जानते हैं कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों की सफल वापसी.

लांस आर्मस्ट्रांग, साइक्लिंग

सात बार टूअर डी फ्रांस के चैंपियन रह चुके अमेरिका के लांस आर्मस्ट्रांग ख़ुद को ज़्यादा समय तक साइक्लिंग से दूर न रख पाय . 37 साल के आर्मस्ट्रांग , पिछले साल ही साइकल ट्रैक पर लौट आए. साइक्लिंग से तीन साल दूर रह कर भी आर्मस्ट्रांग ने अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी अस्ताना टीम के साथी एलबर्टो कॉनटाडोर के ठीक पीछे तीसरे स्थान पर रेस ख़त्म की. 2010 में होने वाली टूअर डी फ्रांस चैंपियनशिप और भी रोमांच भरी होगी क्योंकि आर्मस्ट्रांग ने इस साल रेडियोशैक टीम से जुड़ने का फ़ैसला किया है.

माइकल जॉर्डन, बॉस्केटबॉल

माइकल जॉर्डन बॉस्केटबॉल के बड़े लोकप्रिय खिलाड़ी रहे हैं. बॉस्केटबाल से 17 महीने दूर रहने के बाद जॉर्डन ने अपने क्लब, शिकागो बुल्स के साथ 1995 में वापसी की . और फिर इस शानदार खिलाड़ी ने अपने जलवे दिखाते हुए शिकागो बुल्स की झोली में तीन और एनबीए टाइटल्स डाले.

मोहम्मद अली, बॉक्सिंग

मोहम्मद अली को अभी तक का सर्वश्रेष्ठ बाक्सर माना जाता है. अली ने अपनी बॉक्सिंग सीरीज़ में कई ऐतिहासिक मैच खेले हैं. अली ने 1978 में अमेरिकी बॉक्सर लियो स्पिनक्स को हरा कर विश्व खिताब हासिल किया और बॉक्सिंग को अलविदा कह दिया. दो साल बाद अली फिर से रिंग में उतरे लेकिन विश्व चैंपियन लैरी होम्स से हार गए. मोहम्मद अली की बॉक्सिंग आज भी चर्चा में है.

मार्टिना नवरातिलोवा, टेनिस

18 ग्रैंड स्लैम जीतने के बाद पूर्व चेकोस्लोवाकिया में जन्मीं अमेरिकी खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा ने 1994 में टेनिस से संन्यास का फ़ैसला किया. छह साल तक टेनिस से दूरी बनाए रखने के बाद नवरातिलोवा ने डबल्स गेम से वापसी की. उन्होंने इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई ओपन में मिक्स्ड डबल्स, लिएंडर पेस के साथ 2003 का विम्बल्डन, बॉब ब्रायन के साथ 2006 का यूएस ओपन और साथ ही तीन ग्रैंड स्लैम ख़िताब जीते.

किम क्लाइस्टर्सज़, टेनिस

दुनिया की पूर्व नम्बर वन टेनिस खिलाड़ी बेल्जियम की किम क्लाइस्टर्ज़ ने अपने पहले बच्चे को जन्म देने के लिए मई 2007 में टेनिस को अलविदा कह दिया. मां बनने के बाद किम ने अगस्त 2009 में टेनिस की दुनिया में फिर से कदम रखा और शानदार प्रदर्शन करके यूएस ओपन का ख़िताब अपने नाम किया.

जस्टिन हेना, टेनिस

बेल्जियम की पूर्व नम्बर वन खिलाड़ी जस्टिन हेना ने 2008 में निजी जीवन की परेशानियों से तंग आकर अपना रैकेट टांग दिया. लेकिन कुछ ही महीनों के बाद उन्हें लगा कि शायद वह टेनिस के बग़ैर नहीं रह सकतीं और उन्होंने दोबारा टेनिस खेलने का फ़ैसला किया.

आम तौर पर महान खिलाड़ियों से वापसी के बाद भी वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद की जाती है, जिस पर वे खरा नहीं उतर पाते हैं. अगर क्लाइस्टर्ज़ जैसे एकाध अपवाद को छोड़ दिया जाए, तो वापसी करने वाले खिलाड़ी अपनी दूसरी पारी में नाकाम रहे हैं. ऐसे में माइकल शूमाकर को अपने 41 साल की उम्र के साथ साथ इस साइकोलॉजिकल समस्या से भी पार पाना होगा और वह इस बार फ़रारी में नहीं, बल्कि जर्मनी की मर्सिडीज़ में फ़र्राटा भरने वाले हैं.

रिपोर्टः श्रेया कथूरिया

संपादनः ए जमाल

अन्य खबरें