1. Inhalt
  2. Navigation
  3. Weitere Inhalte
  4. Metanavigation
  5. Suche
  6. Choose from 30 Languages

मनोरंजन

अहम लग्नों पर कुंभ मेले में न जाए मंत्री: मनमोहन

उत्तराखंड सरकार ने कुंभ मेले के अहम दिनों के दौरान वीवीआईपी लोगों की सुरक्षा पर हाथ खड़े कर दिए हैं. इसे देखते हुए प्रधाननमंत्री मनमोहन सिंह ने मंत्रियों से महत्वपूर्ण दिनों में कुंभ मेले में न जाने की अपील की है.

हरिद्वार में कुंभ

प्रधानमंत्री के मुताबिक़ कुंभ मेले के अहम दिनों के दौरान मंत्रियों के हरिद्वार जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर असर पड़ेगा. इस बारे में केंद्रीय कैबिनेट सचिव केएम चंद्रशेखर ने सभी मंत्रियों को चिट्ठियां भी भेज दी हैं. उत्तराखंड सरकार ने केंद्र के सामने वीवीपीआई लोगों के अहम दिनों में कुंभ मेले में आने पर चिंता जताई थी. राज्य सरकार का कहना था कि वह महत्वपूर्ण माने जाने वाले दिनों में वीवीआई और अन्य लोगों को ज़रूरी सुरक्षा मुहैया नहीं कर सकती है.

प्रधानमंत्री ने यह अपील ऐसे वक्त में की है जब गृह मंत्रालय आतंकवादी हमलों का ख़तरा जता चुका है. भारतीय ख़ुफिया एजेंसियों के मुताबिक उत्तर प्रदेश और बिहार में इस तरह के हमलों का ख़तरा है. हरिद्वार भी उत्तर प्रदेश से सटा हुआ है. उत्तराखंड पुलिस ने जनवरी में ही कुंभ मेले के दौरान एक पाकिस्तानी नागरिक को ग़िरफ़्तार करने का दावा भी कर चुकी है.

कुंभ मेला 12 साल में एक बार होता है और इसमें 10 दिन महत्वपूर्ण माने जाते हैं. ऐसे ही चार अहम मानी जाने वाली तिथियां बीत चुकी हैं जबकि छह बाकी हैं. हरिद्वार में 12 जनवरी से शुरू हुआ कुंभ मेला से 28 अप्रैल तक चलेगा.

एक अनुमान के मुताबिक़ 80 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में फैले मेला क्षेत्र में अब तक दो करोड़ से ज़्यादा लोग आ चुके हैं. लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार में उत्तराखंड के सभी 13 ज़िलों की पुलिस तैनात की गई है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल भी भारी संख्या में तैनात किए गए हैं.

रिपोर्ट: एजेंसियां/ओ सिंह

संपादन: ए कुमार

अन्य खबरें