रॉबर्ट एंके की मौत और मैच फिक्सिंग के साए के बीच जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलीगा में शनिवार को छह मुक़ाबले खेले गए. एंके के बिना मायूसी से मैदान पर उतरी हनोवर की हार हुई. गोलों की बौछार के साथ ब्रेमन टॉप पर पहुंची.
ब्रेमन ने ठोंके छह गोल
अपने स्टार गोलकीपर रॉबर्ट एंके की ख़ुदकुशी के बाद मैदान पर उतरी हनोवर की टीम का सामना शाल्के से हुआ. 90 मिनट के खेल के दौरान हनोवर की टीम थकी और मायूस ही दिखी. शाल्के ने भी इस मौक़े का भरपूर फ़ायदा उठाते हुए 2-0 की जीत दर्ज की.
शनिवार को खेले गए अन्य मुक़ाबलों में ब्रेमन की टीम छाई रही. उसे फ्राईबुर्ग को 6-0 से ध्वस्त कर दिया. ब्रेमन के स्टार स्ट्राइकर पुर्तगाल के हुगो एलमायडा ने दनदानाते हुए दो गोल ठोंके. फ्राईबुर्ग के खिलाड़ी तो पूरे मैच के दौरान गेंद छीनने की जुगत में ही लगे रहे. इस ज़ोरदार जीत के साथ ब्रेमन ने अंकतालिका में चोटी का स्थान हासिल कर लिया है. उसने अब तक की टॉपर टीम बायर्न लीवरकुज़ेन को नीचे ढकेला है. टीम के प्रदर्शन से उत्साहित कोच थॉमस श्लाफ़ ने कहा, ''लंबे वक्त के बाद खेले गए इस मैच में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. मैं पूरी टीम को बधाई देता हूं.''
इन मैचों के अलावा भी शनिवार को गोल पोस्ट पर सफल हमलों की बाढ़ आती रही. कमज़ोर मानी जा रही हॉफ़ेनहाइम ने कोलोन को सन्न करते हुए चार गोल ठोंके. ग्लाडबाख ने भी फ्रैंकफर्ट पर 2-1 से जीत हासिल की. एक अन्य मैच में पिछले साल की विजेता टीम वोल्फ्सबुर्ग को न्युरेम्बर्ग ने आख़िरी पलों में हरा दिया. अतिरिक्त समय में न्युरेम्बर्ग ने तीसरा गोल दागते हुए 3-2 से जीत का दर्ज की. माइन्स और डोर्टमुंड का मैच बिना गोल के बराबरी पर छूटा. बर्लिन और श्टुटगार्ट भी 1-1 की बराबरी के साथ लीग में आगे बढ़े.
रिपोर्ट: एजेंसियां/ओ सिंह
संपादन: एस जोशी