पाकिस्तानी क्रिकेटर आईपीएल-3 में खेल सकेंगे. पाकिस्तान की सरकार ने पीसीबी को आश्वासन दिया है कि खिलाड़ियों के अगले साल आईपीएल में खेलने पर उसे कोई एतराज़ नहीं हैं. ललित मोदी ने भी पीसीबी से बात की है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष एजाज़ बट ने कहा कि खिलाड़ियों के आईपीएल खेलने में रुकावट नहीं आएगी. पब्लिक एकाउंट कमेटी की बैठक के बाद पीसीबी अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को इस पर कोई एतराज़ नहीं है. बट के मुताबिक सरकार ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि खिलाड़ियों के अगले साल आईपीएल में खेलेने जा सकेंगे.
पीसीबी प्रमुख ने शनिवार को यह भी कहा कि उनकी आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी से फोन पर बात हुई है. बट ने कहा कि, ''खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने को लेकर ललित मोदी से सकारात्मक बातचीत हुई.''
आर्थिक संकट से गुजर रहे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष का कहना है कि वो आईपीएल में अपने ज़्यादा से ज़्यादा खिलाड़ियों को देखना चाहते हैं. बट कहते हैं, ''मैंने मोदी को सरकार के आश्वासन के बारे में बताया है. मैंने उनसे कहा कि अगर खिलाड़ियों को आईपीएल का क़रार मिल जाता है तो सरकार की तरफ से अड़चन नहीं आएगी.''
लेकिन अब तक यह सिर्फ आश्वासन और दावे ही हैं, मामले पर असमंजस बना हुआ है. पाकिस्तान के खेल मंत्री आफ़ताब शाह जिलानी का कहना है कि, ''पीसीबी अगर इजाज़त मांगेगी तो हम कोशिश करेंगे. आईपीएल में कौन कौन खेलेगा, इसे लेकर पीसीबी को क्लीयरेंस लेनी बाकी है.'' आईपीएल-3 अगले साल मार्च में भारत में होना है.
रिपोर्ट: पीटीआई/ओ सिंह
संपादन: एस जोशी