1. Inhalt
  2. Navigation
  3. Weitere Inhalte
  4. Metanavigation
  5. Suche
  6. Choose from 30 Languages

ख़ास ख़बर

मुंबई में बड़े हमलों की धमकी

मुंबई में कई बम विस्फोट करने की धमकी भरी चिट्टी मिलने से पुलिस और सुरक्षा बलों मे हड़कंप मचा हुआ है. बताया जाता है कि एक गुमनाम चिट्ठी कन्याकुमारी इलाक़े से आई है जिसमें कहा गया है कि मुंबई में कई जगह विस्फोट किए जाएंगे.

यह चिट्ठी आठ दिन पहले चर्चगेट रेलवे स्टेशन के मास्टर को मिली थी. हिंदी में लिखी गई है और भारत के दक्षिणी राज्य तमिलनाडु के कन्याकुमारी से डाक में डाली गई है. पुलिस के मुताबिक़ धमकी भरे इस पत्र में कहा गया है कि मुंबई महानगर की तीन जगहों पर विस्फोटक पहुंचा दिया गया है. 14 नवंबर या 28 नवंबर के बीच विस्फोट किया जाएगा और इसमें पांच से छह लोगों को लगाया गया है. ज़ाहिर है 14 नवंबर तो बीत गया है इसलिए पुलिस धमकी भरे पत्र में लिखी गई अगली तारीख़ के लिहाज़ से ध्यान फोकस कर रही है.

पत्र में धमकी दी गई है कि विस्फोट विधानसभा भवन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के आवासों, भारतीय रिज़र्व बैंक के दफ़्तर, नरीमन प्वाइंट, जुहू बीच, सीएसटी रेलवे स्टेशन और दादर में किए जाएंगे. ख़त में ताजमहल होटल और ओबरॉय होटल का ज़िक्र भी है.

चिट्ठी में दो लोगों का नाम भी दिया गया है जिन्होंने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक टेक्नीकल संस्थान के पास विस्फोटक सामग्री छिपा कर रखी है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक ख़त में इनके नाम अरविंद सिंह अरोड़ा और भुपिन्दर सिंह बताए गए हैं.

पुलिस को शक है कि यह चिट्ठी एक भद्दा मज़ाक भी हो सकती है लेकिन जिस तरह से इसमें चीज़ों का ज़िक्र किया गया है, इस लिहाज़ से पुलिस और सुरक्षा बलों ने मुंबई और आसपास के इलाक़ों में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी है.

रिपोर्टः पीटीआई/एस जोशी

संपादनः ए कुमार

अन्य खबरें