जर्मन रेडियो डॉयचे वेले हिंदी वेबसाइट इनामी प्रतियोगिता की शुरूआत कर रहा है जिसके विजेता को जर्मनी में एक महीने डॉयचे वेले हिन्दी सेवा के साथ काम करने का अवसर मिलेगा.
डॉयचे वेले, बॉन
वो छात्र भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं जो भारतीय हैं लेकिन विदेश में पढ़ाई कर रहे हैं. ये प्रतियोगिता युवा वर्ग में इंटरनेट मीडिया की बढ़ती लोकप्रियता और उसके भविष्य से जुड़ी है.
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए छात्रों को डॉयचे वेले हिन्दी वेबसाइट पर नज़र रखनी होगी, उसकी समीक्षा करनी होगी और उसके बारे में अपनी एक राय बनानी होगी. इसके बाद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक छात्र अपनी राय और निष्कर्षों को चिठ्ठी या ईमेल के ज़रिए डॉयचे वेले हिन्दी तक पहुंचाएंगें. इस पत्र में डॉयचे वेले हिन्दी वेबसाइट की ख़ूबियों, कमियों का ज़िक्र होना चाहिए साथ ही ये भी बताना होगा कि वेबसाइट का स्तर कैसे सुधारा जा सकता है.
इन बिन्दुओं पर ख़ास ध्यान दिया जाना चाहिए –
1- ख़बर का चयन
2- प्रासंगिकता
3- वेबपेज का प्रस्तुतीकरण
4- वेबसाइट पर उपलब्ध रेडियो कार्यक्रम की गुणवत्ता
5- इंटरएक्टिव विकल्प
6- अतिरिक्त सेवाएं जैसे पॉडकास्टिंग और आरएसएस फ़ीड
इन सभी बिन्दुओं पर हिन्दी वेबसाइट कितनी खरी उतरती है इस बारे में अपनी राय लिख भेजिए. वेबसाइट की समीक्षा करते समय यह ध्यान रहे कि आपको उस कहानी का समय और तारीख़ भी बतानी होगी जिस कहानी के बारे में आप बात कर रहे हैं. आपका पत्र पांच पन्नों से ज़्यादा नही होना चाहिए और हिन्दी में होना चाहिए. सभी इच्छुक प्रतियोगियों को हिन्दी का अच्छा ज्ञान होना बेहद ज़रूरी है.
डॉयचे वेले की हिन्दी वेबसाइट का पता है –
www.dw-world.de/hindi
प्रतियोगियों की ओर से भेजी गई राय में से एक विजेता का चयन किया जाएगा और विजेता टेलीफ़ोन के ज़रिए निर्णायक मंडल तक अपनी राय भी पहुंचाएगा. इस प्रतियोगिता का विजेता डॉयचे वेले हिन्दी में एक प्रशिक्षु के तौर पर एक महीना काम करेगा. इनाम के रूप में विजेता को जर्मनी आने जाने का किराया, आवास सुविधा और महीने भर रहने का ख़र्च भी दिया जाएगा.
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ये ज़रूरी है कि छात्र भारत के किसी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा हो. डॉयचे वेले में काम कर रहे किसी व्यक्ति से उनका कोई सम्बन्ध नही होना चाहिए. अपनी राय पत्र या ईमेल के माध्यम से डॉयचे वेले तक प्रतियोगियों को 1 सितम्बर 2009 तक पहुंचानी है.
पता –
Deutsche Welle
The Head of the South Asia Department
Mr. Grahame Lucas
Kurt-Schumacher-Strasse 3
53110 Bonn
Germany
Email – hindi@dw-world.de