1. Inhalt
  2. Navigation
  3. Weitere Inhalte
  4. Metanavigation
  5. Suche
  6. Choose from 30 Languages

खेल

पाकिस्तान के हाथों फिर पिटा इंग्लैंड

दुबई टेस्ट में जीत हासिल कर पाकिस्तान ने दुनिया की नंबर एक टीम का सूपड़ा साफ कर दिया. अजमल, रहमान और गुल की तिकड़ी ने पूरी सीरीज में इंग्लैंड को रुला कर रख दिया. सीरीज 3-0 से जीता.

तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में एक भी ऐसा मैच नहीं रहा जो इंग्लैंड की टीम पांचवें दिन तक खींच पाई. सोमवार को खत्म हुआ आखिरी टेस्ट भी चौथे दिन ही निपट गया. दूसरी पारी में 324 रन का पीछा कर रही दुनिया की नंबर वन टीम 252 पर आउट हो गई. इंग्लैंड के 10 के 10 विकेट चौथे दिन धराशायी हो गए और पाकिस्तान ने 71 रन से मैच जीत लिया.

शीर्ष क्रम को सईद अजमल और अब्दुल रहमान की फिरकी ने गिराया तो उमर गुल की आग उगलती गेंदों ने मध्य क्रम की कमर तोड़ी. अजमल और गुल ने चार-चार तो रहमान ने दो विकेट झटके. इंग्लैंड का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं बना सका. यूरोपीय मेहमानों के लिए सबसे लंबी पारियां एलेस्टर कुक और मैट प्रायर ने खेलीं. कुक 49 पर आउट हुए तो प्रायर इतने ही रन बनाकर नाबाद लौटे.

केविन पीटरसन (18), जोनाथन ट्रॉट (18), इयान मोर्गन (31) और स्ट्रॉस ने 26 रन बनाए. स्पिनरों को अच्छे ढंग से खेलने के लिए मशहूर पीटरसन एक बार फिर सईद अजमल का शिकार बने. अजमल की खूबसूरत गेंद केपी की गिल्लियां ले उड़ी.

टेस्ट में इंग्लैंड की जीत के आसार काफी अच्छे थे. टीम ने पाकिस्तान को पहली पारी में 99 पर समेट दिया. लेकिन पहली पारी में 141 पर आउट होने की वजह से इंग्लैंड ने बड़ी बढ़त पाने का सुनहरा मौका हाथ से गंवा दिया. दूसरी पारी में यूनुस खान और अजहर अली ने पाकिस्तान के लिए शतक जड़ दिए. पाकिस्तान के 365 रन बनाने के बाद साफ हो गया इंग्लैंड के हाथ से तीसरा टेस्ट भी निकल जाएगा. सोमवार को यही हुआ.

टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान की टीम का मनोबल काफी ऊंचा है. स्पॉट फिक्सिंग और गुटबाजी के चलते सुर्खियों में रहने वाली पाकिस्तानी टीम अब अच्छे प्रदर्शन से नाम कमा रही है. पहले टेस्ट में इंग्लैंड 10 विकेट से हारा, दूसरे में इंग्लिश टीम शर्मनाक ढंग से 72 पर ऑल आउट हो कर 72 रन से हार गई. अब तीसरे में भी 71 रन की हार मिली.

हार के साथ इंग्लैंड के सामने नंबर एक की गद्दी बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है. मार्च में दक्षिण अफ्रीका को न्यूजीलैंड के साथ टेस्ट सीरीज खेलनी है. न्यूजीलैंड में अगर दक्षिण अफ्रीकी टीम ने जीत हासिल की तो इंग्लैंड टेस्ट रैकिंग की चोटी से हट जाएगा. इंग्लैंड का हटना वैसे भी तय लग रहा है. अप्रैल में इंग्लिश टीम को श्रीलंका जाकर टेस्ट सीरीज खेलनी है. स्पिनरों के सामने लडखड़ाने वाली टीम का श्रीलंकाई पिचों पर चक्कर खाकर गिरना लगभग तय है.

रिपोर्ट: एजेंसियां/ओ सिंह

संपादन: ए जमाल

dw.de

WWW Links