
पॉप स्टार और हॉलीवुड अभिनेत्री जेनिफर लोपेज अपने नए बॉयफ्रेंड को फिल्मों का नायक बनाना चाहती हैं. वह बॉयफ्रेंड को एक्टिंग स्कूल भेज रही हैं. प्यार में डूबी लोपेज हर हफ्ते बॉयफ्रेंड को 10,000 डॉलर जेब खर्च भी दे रही हैं.
यह पढ़कर हिंदी फिल्मों में सैकड़ों बार इस्तेमाल हो चुका एक डॉयलॉग याद आता है, "हर कामयाब इंसान के पीछे एक औरत का हाथ होता है." बात भले ही सब पर ठीक न बैठे लेकिन पॉप स्टार जेनिफर लोपेज के बॉयफ्रेंड पर तो सटीक बैठती है. बीते एक दशक से संगीत की दुनिया में धमक मचा रही 42 साल की पॉप स्टार जेनिफर इन दिनों डांसर कास्पर स्मार्ट के प्यार में डूबी हैं. मनोरंजन पत्रिका शोबिजस्पाई के मुताबिक जेनिफर चाहती हैं कि उनका बॉयफ्रेंड फिल्म स्टार बने. लिहाजा कास्पर स्मार्ट को लोपेज एक्टिंग स्कूल भेज रही हैं.
खबर निकालने वाले सूत्र ने कहा, "कास्पर एक्टिंग इसलिए सीख रहे हैं क्योंकि जेनिफर चाहती हैं वह स्टार बने. जेनिफर को लगता है कि पूर्व प्रेमी बेन एफलेक और पूर्व पति मार्क एंथनी की तरह वह और कास्पर साथ एक्टिंग करने में बड़ा मजा आएगा."
पांचों अंगुलियां घी में
कुछ रिपोर्टों के मुताबिक शोहरत की बुंलदियों को छूने वाली जेनिफर बॉयफ्रेंड पर अथाह पैसे भी लुटा रही हैं. कास्पर स्मार्ट को हर हफ्ते 10,000 डॉलर यानी करीब पांच लाख रुपये जेब खर्च मिल रहा है, वह भी टैक्स फ्री.
सूत्र के मुताबिक, "हर बार रात के खाने के बाद क्रेडिट कार्ड निकालने से उन्हें नफरत होने लगी. जेन ने तय किया कि कास्पर को हर हफ्ते जेब खर्च देना ज्यादा आसान है और उन्होंने सोचा कि 10,000 डॉलर एक अच्छा नंबर है."
बदले में कास्पर जेनिफर के दो बच्चों के लिए कभी तोहफे खरीदना नहीं भूलते. वह बीच बीच में जेनिफर को प्यार से सहलाते रहते हैं. सप्ताहांत में कास्पर अपनी प्रेमिका को चौंकाते हुए कुछ न कुछ नया करते हैं.
रिपोर्ट: पीटीआई/ओ सिंह
संपादन: आभा एम