1. Inhalt
  2. Navigation
  3. Weitere Inhalte
  4. Metanavigation
  5. Suche
  6. Choose from 30 Languages

समाचार | 09.02.2012 | 08:25

मालदीवः राष्ट्रपति नशीद की गिरफ्तारी का वारंट जारी

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया है. एजेंसी रिपोर्टों के अनुसार क्रिमिनल कोर्ट ने उनके और पूर्व रक्षा मंत्री की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं. यह स्पष्ट नहीं है कि उन पर क्या आरोप लगाए गए हैं. नशीद ने पुलिस विद्रोह के बाद दो दिन पहले इस्तीफा दे दिया था लेकिन एक दिन बाद बंदूक की नोक पर इस्तीफा लिए जाने का आरोप लगाया. राजधानी माले में उन्हें और उनके समर्थकों को सुरक्षा बलों ने घायल कर दिया. दो द्वीपों पर पुलिस चौकियों पर हमले हुए हैं. मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने कहा है कि सैनिकों ने नशीद के समर्थकों पर हमला किया, उन्हें विरोधी प्रदर्शन से नहीं बचाया और पांच सांसदों को गिरफ्तार कर लिया. इस बीच नशीद की पत्नी और दो बेटियां सुरक्षा कारणों से श्रीलंका पहुंचे हैं. श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने मालदीव के नए राष्ट्रपति मोहम्मद वहीद हसन को फोन कर नशीद की सुरक्षा की अपील की है.

भारत में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 30 हुई

भारत के पूर्वी प्रांत उड़ीसा में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है. समाचार एजेंसियों के अनुसार कटक और खोर्धा जिलों में मंगलवार को खांसी की दवा मिली शराब पीने से मरने वाले अधिकांश लोग मजदूर और किसान हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.  सरकारी प्रवक्ता एस एन गिरीश ने कहा है कि बुधवार के बाद छह और लोगों की मौत हो गई है.करीब 50 लोगों का कटक के सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. उनकी हालत सुधर रही है. भारत में जहरीली शराब पीने से मौत की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं. पिछले दिसम्बर से पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में अवैध शराब पीने से 200 लोगों की मौत हुई है.

पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट में गिलानी की अपील पर सुनवाई

पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की अपील पर सुनवाई हुई. गिलानी ने अवमानना वाले मुकदमे के लिए उन्हें दिए गए समन के खिलाफ अपील की थी.  सुनवाई का नेतृत्व मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार मुहम्मद चौधरी ने किया. उन्होंने इस पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री को राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों को फिर से शुरु करवाने पर पहल करनी चाहिए थी. सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच ने गिलानी को अगले सोमवार को आरोप पत्र दाखिल किए जाने के लिए समन किया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रपति जरदारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले को फिर से खोलने के लिए स्विस अधिकारियों को पत्र लिखने के कोर्ट के आदेश का पालन न कर उसकी अवमानना की है. इस मामले में उन्हें छह महीने की सजा हो सकती है या उन्हें पद के अयोग्य घोषित किया जा सकता है.

ग्रीस को 30 करोड़ यूरो की बचत के लिए दो सप्ताह का समय मिला

ग्रीस को अपने बजट में 30 करोड़ यूरो की बचत का रास्ता खोजने के लिए दो सप्ताह का समय मिला है. यूरोपीय संघ और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के साथ बुधवार को हुई वार्ता के बाद ग्रीस को यह रियायत मिली है. अंतरराष्ट्रीय दाताओं से कर्ज की अगली खेप पाने के लिए ग्रीस को कुल मिलाकर 3.3 अरब यूरो की बचत करनी है. सरकार और गठबंधन की पार्टियों के बीच अभी भी पेंशन में 30 करोड़ यूरो की कटौती पर सहमति नहीं हो पाई है. बचत के बाकी मदों पर सहमति हो गई है. प्रधानमंत्री लुकास पापादेमोस ने उम्मीद जताई है कि ब्रसेल्स में यूरो वित्त मंत्रियों की बैठक से पहले अंतिम सहमति हो जाएगी.

पाकिस्तान में ड्रोन हमले से तीन संदिग्ध आतंकियों की मौत

पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों ने जानकारी दी है कि अमेरिकी ड्रोन विमानो ने उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में दो हमले किए जिसमें तीन संदिग्ध आतंकी मारे गए और तीन घायल हुए हैं. मीरान शाह के मुख्य बाजार में गुरुवार तड़के यह हमले किए गए. मारे गए और घायल लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है. उत्तरी वजीरिस्तान में काफी दिनों बाद यह दूसरा ड्रोन हमला हुआ है.

डाइम्लर को 6 अरब यूरो का मुनाफा

जर्मन ऑटोमोबाइल कंपनी डाइम्लर ने गुरुवार को 2011 के कारोबारी आंकड़े जारी किए. उसे 6 अरब यूरो का रिकॉर्ड मुनाफा हुआ है जो एक साल पहले के मुकाबले 29 फीसदी ज्यादा है. उसकी कुल बिक्री 9 फीसदी बढ़कर 106 अरब यूरो हो गई. डाइम्लर लक्जरी ब्रैंड मर्सिडिज बेंज के अलावा भारी ट्रकों का विश्व का सबसे बड़ा निर्माता है. एक साल पहले उसने 14 लाख गाड़ियां बेची थीं.