भारत में स्वाइन फ्लू के हमले में इस साल कम से कम 95 लोगों की मौत हो गई है. मीडिया और सरकारी अफसरों ने इस बात की पुष्टि की है. भारतीय अखबारों का कहना है कि दिल्ली सहित चार राज्यों से स्वाइन फ्लू एच1एन1 इंफ्लूएंजा के 500 मामले सामने आए हैं.
राजस्थान में 64, हरियाणा में 18, पंजाब में 10 और दिल्ली में तीन लोगों की मौत हो चुकी है. मीडिया ने इन रिपोर्टें के साथ कहा है कि सरकारी आंकड़े इस बात की पुष्टि कर रहे हैं. हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने इन आंकड़ों की पुष्टि नहीं की. हालांकि उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन इसकी गंभीरता के बारे में बताता है.
अगस्त 2010 में स्वाइन फ्लू का हमला हुआ था, जिसके बाद डब्ल्यूएचओ ने कहा था कि ऐसा दोबारा हो सकता है.
भारतीय जनता पार्टी ने बताया कि मार्च में उनकी बैठक में भ्रष्टाचार और महंगाई पर नाकाम रही भारत सरकार के कदमों की चर्चा होगी. साथ ही पार्टी अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार पर भी एक राय बना सकती है.
बीजेपी के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि राष्ट्रीय समिति, कार्यकर्ताओं और केंद्रीय नेतृत्व की बैठक अगले महीने होने वाली है. नकवी ने कहा, "दो दिनों की बैठक में यूपीए 2 की नाकामियों पर चर्चा की जाएगी."
पार्टी में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर भी चर्चा हो सकती है. बीजेपी ने अभी तक इस मामले में कुछ नहीं कहा है.
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर के प्रथम श्रेणी शतकों की संख्या में बराबरी कर ली है. ईरानी कप के दौरान उन्होंने शेष भारत के खिलाफ शानदार सैकड़ा जमाया. दोनों ही बल्लेबाजों के नाम अब 81 प्रथम श्रेणी शतक हैं.
तेंदुलकर ने टेस्ट मैचों में 51 शतक बनाए हैं, जबकि घरेलू क्रिकेट में उनके नाम 30 शतक हैं. अंतरराष्ट्रीय शतकों को भी प्रथम श्रेणी क्रिकेट में गिना जाता है. वानखेड़े स्टेडियम में आज उन्होंने 140 रन की पारी खेली, जो इस ग्राउंड पर उनका 18वां शतक है.
गावस्कर ने प्रथम श्रेणी के 81 टेस्ट शतक बनाए हैं. उनके नाम 125 टेस्ट मैचों में 34 शतक भी हैं. तेंदुलकर ने 194 टेस्ट मैच खेले हैं और अब उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेना है. पिछले दिनों उन्होंने वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 100 शतक हैं और टेस्ट तथा वनडे दोनों तरह के क्रिकेट में वे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले क्रिकेट खिलाड़ी हैं.
बॉलीवुड के निर्देशक सचिन गुप्ता दिल्ली की पुरानी गलियों में घूमते नजर आ रहे हैं. वह अपनी नई फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं, जो दिल्ली की परांठे वाली गली पर बन रही है. भारत के धारावाहिक कुमकुम के अनुज सक्सेना और नेहा पवार अभिनीत इस फिल्म को परांठों के लिए मशहूर पुरानी दिल्ली की गली पर केंद्रित करके बनाया गया है.
गुप्ता का कहना है, "परांठे वाली गली एक अलग तरह की फिल्म है और इसमें दिल्ली का वह हिस्सा दिखाया जाएगा, जो आम तौर पर नहीं दिखाया जाता है. यह फिल्म सदर बाजार, चावड़ी बाजार और कनारी बाजार में शूट किया जा रहा है." फिल्म की शुरुआत परांठे वाली गली से होगी और बाद में यह किरदारों पर केंद्रित होती जाएगी. गुप्ता ने लंबा समय थियेटर में बिताया है.